- SHARE
-
इंटरनेट डेस्क। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रही जंग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लोकसभा में कहा कि भारत की स्पष्ट भूमिका है कि पश्चिम एशिया में तनाव खत्म होना चाहिए। इस जंग के कारण पश्चिम एशिया में आए संकट को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने इन हमलों का विरोध किया है और होर्मुज स्ट्रेट में रुकावट अस्वीकार्य है। भारत शांतिपूर्ण समाधान के पक्ष में है और नागरिकों और पावर प्लांट पर हमले स्वीकार नहीं है। खबरों के अनुसार, पीएम मोदी ने कहा कि इस जंग के बाद से ही हॉर्मुज स्ट्रेट से जहाजों का आना जाना बहुत चुनौतीपूर्ण हो गया है। इसके बावजूद हमारी सरकार का प्रयास रहा है कि पेट्रोल, डीजल और गैस की सप्लाई बहुत ज्यादा प्रभावित न हो।
लोकसभा में पीएम मोदी ने जानकारी दी कि गत दशक में भारत ने संकट के ऐसे ही समय के लिए कच्चे तेल के भंडारण को भी प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि आज भारत के पास 53 लाख मीट्रिक टन से अधिक का स्ट्रेटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व है और 65 लाख मीट्रिक टन से अधिक के रिजर्व की व्यवस्था पर देश काम कर रहा है। सरकार अलग अलग देशों के सप्लायर्स के साथ भी लगातार संपर्क में है।
आपको बता दें कि अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी जंग को 24 दिन हो गए हैं। ये जंग दुनिया के देशों के लिए परेशानी का कारण बन चुकी है। ये जंग जल्द समाप्त नहीं होती है तो बहुत से देशों को बुरी स्थिति का सामना करना पड़ेगा।
PC: tv9hindi
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें