बीकानेर में छात्रा की हत्या को लेकर Gehlot का बड़ा बयान, कहा- प्रदेश में 'पर्ची सरकार' के आने के बाद कानून व्यवस्था…

Hanuman | Monday, 23 Feb 2026 08:50:44 AM
Gehlot's big statement on the murder of a Girl student in Bikaner

जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बीकानेर के रणजीतपुरा में परीक्षा देने जा रही नाबालिग छात्रा के साथ अपहरण, दुष्कर्म और फिर निर्मम हत्या को लेकर प्रदेश की भजनलाल सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने इसे राजस्थान के माथे पर गहरा कलंक करार दिया है।

गहलोत ने इस संबंध में सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक्स के माध्यम से कहा कि बीकानेर के रणजीतपुरा में परीक्षा देने जा रही नाबालिग छात्रा के साथ अपहरण, दुष्कर्म और फिर निर्मम हत्या की रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया है। यह केवल एक अपराध नहीं, बल्कि राजस्थान के माथे पर गहरा कलंक है।

अशोक गहलोत ने इस संबंध में आगे कहा कि प्रदेश में 'पर्ची सरकार' के आने के बाद कानून व्यवस्था पूरी तरह वेंटिलेटर पर है। आज हालात यह हैं कि हमारी बेटियां घर से बाहर कदम रखने से भी डरने लगी हैं। आखिर राजस्थान को अपराध की किस आग में झोंक दिया गया है?

प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी, कोरी घोषणाओं और फोटोबाजी से बाहर निकलकर प्रदेश की कानून व्यवस्था को संभालिए। मेरी मांग है कि इस प्रकरण के दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में की जाए और अपराधियों को ऐसी कठोरतम सजा मिले जो एक नजीर बने। प्रदेश अब और चीखें नहीं सुन सकता। जवाब दीजिए मुख्यमंत्री जी।

8वीं कक्षा की छात्रा की हुई थी हत्या
आपको बता दें कि बीकानेर के रणजीतपुरा (बज्जू) इलाके में 8वीं बोर्ड की परीक्षा देने के लिए निकली एक 13 साल की मासूम छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई है। नहर के पास झाड़ियों में उसका शव अर्धनग्न हालत मिला।

PC:  X
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें 



 


ताज़ा खबर

Copyright @ 2026 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.