जयपुर की सड़कों की दुर्गति को लेकर Gehlot ने कसा तंज, कहा- मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्री…

Hanuman | Wednesday, 24 Sep 2025 08:17:20 AM
Gehlot took a jibe at the poor condition of Jaipur roads

जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अब राजधानी जयपुर की सड़कों की दुर्गति को लेकर भजनलाल सरकार पर निशाना साधा है। इस संबंध में उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया के माध्यम से बड़ी बात कही है।

अशोक गहलोत ने एक्स के माध्यम से कहा कि आज जयपुर के अजमेर-सीकर रोड के इलाके में कालवाड़ रोड, सिरसी रोड, धावास, वैशाली नगर इलाके की तरफ जाना हुआ। इन इलाकों में सड़कों की भयंकर दुर्गति है। यहां कई जगहों पर स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश में इस इलाके में स्थिति बेहद खराब हो गई। अब बारिश के बाद भी सड़कों की स्थिति में कोई सुधार नहीं है। खराब सड़कों के कारण पूरे इलाके में जाम की स्थिति बनी रहती है एवं खराब सड़कों से हादसे होना भी आम है।

अशोक गहलोत ने इस संबंध में आगे कहा कि कुछ दिन पू्र्व मैं पत्रकार कॉलोनी के इलाके में गया। मुख्यमंत्री का विधानसभा क्षेत्र होने के बावजूद वहां भी सड़कों की स्थिति दयनीय है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों के साथ वहां दौरा कर निर्देश दिए परन्तु स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। बारिशों में सड़कें टूटती हैं परन्तु ऐसी दुर्गति पहली बार देखी जा रही है।

सड़कों की ऐसी स्थिति होना दुर्भाग्यपूर्ण
अशोक गहलोत ने तंज करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्री, उद्योग मंत्री जयपुर जिले से ही विधायक हैं। इसके बावजूद यहां सड़कों की ऐसी स्थिति होना दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री जी को जयपुर की सड़कों के लिए विशेष बैठक बुलाकर इन इलाकों में सड़क सुधार के लिए अविलंब अधिकारियों को निर्देशित करना चाहिए एवं इस काम की मॉनिटरिंग करनी चाहिए।

PC:  aajtak
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें 



 


ताज़ा खबर

Copyright @ 2026 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.