Odisha: कटक के अस्पताल में लगी भीषण आग, दस लोगों की मौत, कई की हालत गंभीर

Hanuman | Monday, 16 Mar 2026 09:04:57 AM
Odisha: Massive Fire Breaks Out at Cuttack Hospital; 10 Dead, Several in Critical Condition

इंटरनेट डेस्क। ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ट्रॉमा केयर विभाग में आज तड़के एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां पर भीषण आग लगने से दस लोगों की मौत हुई है। खबरों के अनुसार, इस आग के कारण जिन दस लोगों की मौत हुई है, वे ट्रॉमा केयर के आईसीयू में भर्ती मरीज हैं। वहीं कई लोगों की हालात गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद ओडिशा के सीएम मोहन चरण मांझी ने घटनास्थल का दौरा किया और इसके बाद अस्पताल में मरीजों से मुलाकात की। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।

खबरों के अनुसार, अधिकारियों ने इस दर्दनाक घटना की जानकारी देते हुए बताया कि अभी तक 10 मरीजों की आग में जलने से मौत हुई है। अधिकारियों ने जानकारी दी कि इनमें से सात मरीजों की मौत आईसीयू के अंदर हुई है, जबकि तीन अन्य की मौत बचाव अभियान के दौरान अन्य वॉर्डों में ले जाते समय हुई।

मृतकों के परिजनों के लिए 25 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने का ऐलान
मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने बताया कि ट्रॉमा केयर इंटेंसिव केयर यूनिट में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। उन्होंने बताया कि दमकलकर्मियों और अस्पताल के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने के लिए तेजी से कार्रवाई कर कई मरीजों की जान बचाई। उन्हें सुरक्षित वॉर्डों में ट्रांसफर कर दिया गया। माझी ने मृतकों के परिजनों के लिए 25 लाख रुपए की अनुग्रह राशि  देने का ऐलान किया है। सीएम मांझी ने अस्पताल में लगी आग की न्यायिक जांच के आदेश दिए और हादसे के जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

PC: ANI
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें



 


ताज़ा खबर

Copyright @ 2026 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.