आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने वालों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता: Beniwal

Hanuman | Monday, 20 Jul 2026 09:24:27 AM
The voices of those who struggle democratically for issues concerning ordinary citizens cannot be suppressed: Beniwal

जयपुर। नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल रविवार शाम को दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी जनआंदोलन में सम्मिलित हुए। इस बात की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से दी है। उन्होंने कहा कि मैं भारत सरकार को कहना चाहता हूं कि जनता के अधिकारों, युवाओं, किसानों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने वालों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। मैं सदैव जनहित के हर संघर्ष में जनता के साथ खड़ा रहा हूं और आगे भी अन्याय के विरुद्ध तथा आमजन के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से आवाज उठाता रहूँगा।

वहीं आरएलपी प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने संसद का मानसून सत्र प्रारम्भ होने से पूर्व रविवार सुबह सर्वदलीय बैठक में भाग लिया वहीं शाम को लोक सभा की कार्य मंत्रणा समिति (बीएसी) की बैठक में सम्मिलित होकर विभिन्न जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

बेनीवाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि सर्वदलीय बैठक में मैंने कहा कि संसद का मानसून सत्र केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जनता से जुड़े ज्वलंत विषयों पर गंभीर एवं सार्थक चर्चा हो तथा विपक्ष को अपनी बात रखने का पूरा अवसर दिया जाए। बैठक में नीट पेपर लीक एवं सीबीएसई बोर्ड की कक्षा 12 की उत्तर पुस्तिकाओं की डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली पर आम जन की चिंताओं को बैठक में रखा।

लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों पर भी सदन में चर्चा करवाने की मांग की
इसके अतिरिक्त MSP पर खरीद के लिए गारंटी कानून बनाने, पीएम फसल बीमा योजना, युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों पर भी सदन में चर्चा करवाने की मांग की। मैंने बैठक में यह भी कहा राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों में बिगड़ती कानून व्यवस्था, महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते अपराध, संगठित अपराध तथा साइबर अपराध पर सदन में प्रभावी चर्चा करवाना आवश्यक है साथ ही राजस्थान की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए केंद्र से हस्तक्षेप करने की मांग उठाई। कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में मैंने सत्र में लाए जाने वाले विधेयकों पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

pc: x
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें



 


ताज़ा खबर

Copyright @ 2026 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.