- SHARE
-
एमएमए फाइटर ऋषिकेश कोलोथ के रूप में हुई पहचान
वैंकूवर(मलकीत सिंह)। कनाडा के सस्केचेवान प्रांत के उत्तरी इलाके में भालू के हमले में जान गंवाने वाले युवक की पहचान भारत से संबंध रखने वाले 27 वर्षीय ऋषिकेश कोलोथ के रूप में हुई है। इस दुखद घटना के बाद भारतीय समुदाय और खेल जगत में शोक की लहर है।
मिली जानकारी के अनुसार ऋषिकेश कोलोथ मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (एमएमए) के खिलाड़ी थे और अपने सपनों को पूरा करने के लिए कनाडा आए थे। परिवार के अनुसार उनका सपना एक पेशेवर फाइटर बनने का था।
ऋषिकेश के भाई ने भावुक होकर कहा कि उसका दिल बहुत मासूम था और उसके भीतर एक योद्धा की आत्मा बसती थी। परिवार ने बताया कि वह मेहनती, विनम्र स्वभाव का और अपने लक्ष्य के प्रति पूरी तरह समर्पित युवक था।
बताया जा रहा है कि यह हमला 8 मई को उत्तरी सस्केचेवान में हुआ था। कनाडा में भालू के हमले से मौत के मामले बहुत कम सामने आते हैं, इसलिए यह घटना काफी चर्चा में है।
ऋषिकेश की मौत की खबर सामने आने के बाद उनके दोस्तों, खेल प्रेमियों और भारतीय समुदाय की ओर से गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है।